दिल्ली में कड़े सुरक्षा इंतजाम
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। विभिन्न स्थानों पर अवरोधक लगाए गए हैं और वाहनों को तलाशी के बाद ही गुजरने दिया जा रहा है।
दिल्ली के बाजारों, मेट्रो स्टेशनों और रेलवे स्टेशनों पर लोगों की तलाशी ली जा रही है। लाल किला, जामा मस्जिद और चांदनी चौक इलाकों में पूरी चौकसी बरती जा रही है।
इस बीच बेंगलुरू पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी द्वारा नक्सलियों की मदद से भारत में आतंकवादी हमले की साजिश रचने का पर्दाफाश करने का दावा किया है। अमेरिका ने भी आतंकवादी हमलों की नए सिरे से चेतावनी दी है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, "हम किसी भी स्थिति से निपटने के प्रबंध कर रहे हैं। राजधानी के जिन इलाकों में स्वतंत्रता दिवस समारोहों का आयोजन होना है वहां सुरक्षा विशेष तौर पर कड़ी की गई है।"
दिल्ली यातायात पुलिस भी मध्य रात्रि से 15 अगस्त सुबह नौ बजे तक सीमाओं को सील करने की तैयारी में हैं। इस दौरान सभी वाणिज्यिक वाहनों का दिल्ली में प्रवेश बंद रहेगा और गहन तलाशी के बाद निजी वाहनों को राजधानी में आने दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इस मौके पर देश की तीनों सेनाओं के प्रमुख वरिष्ठ सरकारी हस्तियां और राजनयिक तथा अतिविशिष्ट लोग मौजूद होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications