नेपाल की माओवादी सांसद की मदद को आगे आया भारत
सुदेशना सरकार
काठमांडू, 14 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल की माओवादी पार्टी के निरंतर आरोपों के बावजूद भारत शनिवार को उसकी महिला सांसद की मदद को आगे आया। काफी अधिक झुलस गई महिला सांसद मौत से जूझ रही हैं।
काठमांडू के सबसे पुराने बीर अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा माओवादी सांसद राम कुमारी यादव को बचाने में असमर्थता जाहिर करने के बाद नई दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाने के वास्ते भारत ने एक हवाई एंबुलेंस भेजी।
नेपाल के तराई जिले धानुषा से दो वर्ष पूर्व सांसद निर्वाचित यादव शुक्रवार को अपने रसोईघर में रसोई गैस में रिसाव के कारण गंभीर रूप से जल गईं।
यादव करीब 80 प्रतिशत तक जल चुकी हैं और पार्टी अध्यक्ष पुष्प कमल दहाल 'प्रचंड' सहित सभी शीर्ष नेता अस्पताल में उनके इलाज के बारे में जानकारी लेने पहुंचे।
अस्पताल के ऐसे गंभीर मरीज के इलाज में असमर्थता प्रकट करने के बाद अक्सर भारत के खिलाफ हमला बोलने वाले माओवादियों ने भारतीय दूतावास से मदद के लिए संपर्क किया।
माओवादी पार्टी के विदेशी मामलों के प्रमुख कृष्ण बहादुर म्हारा ने शुक्रवार को दूतावास को एक औपचारिक पत्र भेजकर यादव को आपात आधार पर भारत के किसी अस्पताल में भर्ती करने का आग्रह किया।
दूतावास के अधिकारियों ने सफदरजंग के अधिकारियों को सूचित किया कि यादव का इलाज शीर्ष प्राथमिकता से किया जाए और उन्हें दिल्ली ले जाने के लिए एक हवाई एंबुलेंस का प्रबंध किया जाए।
मौसम और तकनीकी कारणों से हवाई एंबुलेंस शुक्रवार रात को काठमांडू में नहीं उतर सकी। शनिवार दोपहर को यादव और उनके परिवार के सदस्यों को अस्पताल पहुंचाया गया।
कुछ ही समय पहले नेपाल के एक माओवादी सांसद ने भारतीय दूतावास के अधिकारियों पर धमकी देने का आरोप लगाया था।
माओवादियों ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के विशेष दूत श्याम सरन के हाल के नेपाल दौरे की भी आलोचना करते हुए कहा था कि पूर्व विदेश सचिव सरन नेपाल के प्रधानमंत्री पद के चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications