राष्ट्रमंडल : तैयारियों पर प्रधानमंत्री करेंगे बैठक (लीड-1)
प्रधानमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि यह बैठक शनिवार शाम 4.30 बजे प्रधानमंत्री आवास पर बुलाई गई है। इस बैठक में दिल्ली के उपराज्यपाल तेजेंद्र खन्ना, शहरी विकास मंत्री जयपाल रेड्डी, खेल मंत्री मनोहर सिंह गिल, आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी, कैबिनेट सचिव के.एम. चंद्रशेखर और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित हिस्सा लेंगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों तथा उसमें कथित भ्रष्टाचार पर संसद के दोनों सदनों में बहस हुई थी और जोरदार हंगामा भी हुआ था।
शुक्रवार शाम को नई दिल्ली में कांग्रेस कोर कमिटी की बैठक हुई थी। उस बैठक में प्रधानमंत्री से खेलों के सफल आयोजन से जुड़ी जिम्मेदारी अपने कंधों पर लेने का अग्रह किया गया था। ऐसे में यह बैठक बहुत ही अहम मानी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री तैयारियों को लेकर समन्वय का काम देखने की जिम्मेदारी कैबिनेट सचिव के. एम. चंद्रशेखर को दे सकते हैं।
ऐसी खबर है कि प्रधानमंत्री तैयारियों के संबंध में दिल्ली की मुख्यमंत्री के साथ अलग से भी एक बैठक करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications