स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर में कड़ी सुरक्षा
पूर्वोत्तर के असम, मणिपुर, त्रिपुरा, मेघालय, नागालैंड और अरूणाचल प्रदेश में आतंकवादी हमलों की संभावना व्यक्त की गई है।
सेना के एक कमांडर ने शनिवार को बताया, "आतंकवादी हिंसक हमले न कर सकें, इसके लिए हम सुरक्षा बलों को विभिन्न खतरनाक हिस्सों में तैनात कर रहे हैं।"
सेना के जवानों ने शुक्रवार को पूर्वी असम के शिवसागर में एक बस अड्डे में लगाए गए टाइम बम को निष्क्रिय कर एक बड़ी वारदात को होने से रोक लिया था।
कमांडर ने बताया, "बम एक थैले में दो बसों के बीच रखा हुआ था। हमने समय रहते उसे निष्क्रिय कर दिया।"
पूर्वोत्तर में स्वतंत्रता दिवस समारोह के बहिष्कार के लिए पांच आतंकवादी समूहों ने रविवार को 17 घंटे के सामान्य बंद का आह्वान किया है।
इन आतंकवादी समूहों में यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (उल्फा), नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी), कामतापुर लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन (केएलओ), मणिपुर पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट (एमपीएलएफ) और त्रिपुरा पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट (टीपीडीएफ) शामिल हैं।
ये समूह असम, मणिपुर और त्रिपुरा में सक्रिय हैं। इन आतंकवादी समूहों ने 15 अगस्त के बहिष्कार के लिए रविवार को तड़के 1.30 बजे से 6.30 बजे तक सामान्य बंद का आह्वान किया है।
पूर्वोत्तर के आतंकवादी समूह बरसों से राष्ट्रीय समारोहों का बहिष्कार कर रहे हैं। वे इस क्षेत्र पर भारत सरकार के शासन के विरोध में ऐसा कर रहे हैं।
असम के पुलिस महानिरीक्षक पी. भट्टाचार्य ने बताया, "हम कोई भी जोखिम नहीं चाहते इसलिए सड़कों, तेल प्रतिष्ठानों, पटरियों और पुलों सहित सभी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।"
मणिपुर, मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड और अरूणाचल प्रदेश में सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं।
पूर्वोत्तर सीमांत (एनईएफ) रेलवे ने रात में असम से होकर गुजरने वाली सभी रेलगाड़ियों को सुरक्षा कारणों से शनिवार शाम से 17 अगस्त तक के लिए रद्द कर दिया है।
एनईएफ रेलवे प्रवक्ता एस. हाजोंग ने आईएएनएस को बताया, "हमने स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए असम में रात में चलने वाली लंबी दूरी की 26 रेलगाडियों को रद्द किया है और 26 अन्य रेल सेवाएं भी रोक दी गई हैं।" शनिवार को शाम छह बजे से 17 अगस्त को शाम पांच बजे तक ये सेवाएं स्थगित रहेंगी।
पूर्वोत्तर में करीब 30 आतंकवादी समूह सक्रिय हैं जो स्वतंत्रता से लेकर स्वायत्तता तक की मांग कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications