वाघा सीमा पर मोमबत्तियां जलाएंगे भट्ट, नैय्यर
सीमा चौकी पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
बीएसएफ के सूत्रों ने बताया कि शनिवार की मध्यरात्रि भारत व पाकिस्तान के बीच अटारी-वाघा सीमा की संयुक्त सीमा चौकी पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाएगी।
बीएसएफ के उप महानिरीक्षक (खुफिया) और आधिकारिक प्रवक्ता पंकज ने आईएएनएस को बताया, "हमने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गश्त बढ़ा दी है।"
उन्होंने कहा, "महेश भट्ट और कुलदीप नैय्यर जैसी प्रमुख हस्तियां रात 11.45 बजे के करीब सीमा पर जाएंगी। उनके साथ 40-45 और लोगों के जाने की उम्मीद है।"
उन्होंने बताया, "वे सीमा पर मोमबत्तियां जलाएंगे और सीमा के दूसरी ओर से आने वाले लोगों के साथ मिठाईयों का आदान-प्रदान व बातचीत करेंगे। आज (शनिवार) पाकिस्तान का स्वतंत्रता दिवस है इसलिए पाकिस्तानी रेंजर भी हमारे लिए मिठाई लाएंगे।"
भट्ट और नैय्यर पिछले कुछ साल से प्रत्येक स्वतंत्रता दिवस पर सीमा पर शांति के लिए मोमबत्तियां जलाते रहे हैं।
बीएसएफ पंजाब में 553 किलोमीटर लंबी तारों से घिरी अंतर्राष्ट्रीय सीमा की निगरानी करता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications