नक्सलियों ने लौह अयस्क से भरे ट्रकों को आग लगाई (लीड-1)
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एस.आर.पी. कलौरी ने आईएएनएस को बताया, "नक्सली करीब आधी रात को जंगलों से निकलकर आए और भांसी तथा बचेली के बीच छह ट्रकों को रोककर उनको आग लगा दी।"
यह घटना राजधानी रायपुर से लगभग 420 किलोमीटर दूर और बछेली के दो किलोमीटर के दायरे में हुई। जहां निजी क्षेत्र की कंपनी एनएमडीसी लिमिटेड द्वारा बड़े पैमाने पर लौह अयस्क का खनन कराया जाता है।
कलौरी ने कहा, "ये ट्रक एक निजी ठेकेदार के थे और एस्सार स्टील कंपनी के लिए लौह अयस्क लेकर जा रहे थे। सुबह छह बजे सड़क पर यातायात दोबारा शुरू हो सका।"
उन्होंने कहा, "इस वारदात के पीछे नक्सलवादियों का मकसद स्वतंत्रता दिवस से पहले बस्तर में दहशत फैलाना है।" नक्सलियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह का बहिष्कार करने घोषणा की है। उन्होंने समारोह स्थल तक सुरक्षा बलों को पहुंचने से रोकने के लिए पहाड़ी इलाकों की सड़कों पर पेड़ गिरा दिए हैं।
पिछले तीन साल में छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने 1,948 हमले किए हैं जिनमें 418 नागरिक और 75 विशेष पुलिस अधिकारियों सहित 435 पुलिसकर्मी मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications