पाकिस्तान में बाढ़ की स्थित गंभीर, ज़रदारी का दौरा

बीबीसी हिंदी के संवाददाता हफ़ीज़ चाचड़ के अनुसार सिंधु नदी में जलस्तर बढ़ जाने के कारण देश के उत्तर में स्थित जेकबाबाद को खाली करवाने के आदेश दिए गए हैं. बाढ़ से 1.4 करोड़ लोग प्रभावित हैं, 1600 लोग मारे गए हैं और हज़ारों अब भी बाढ़ के पानी में फँसे हुए हैं. हफ़ीज़ चाचड़ के अनुसार बाढ़ के पानी में फँसे हज़ारों लोग अब खाद्य सामग्री न मिलने की शिकायत कर रहे हैं.
उधर सयुंक्त राष्ट्र ने अंतरराष्ट्रीय दान दाताओं 45 करोड़ अमरीकी डॉलर की सहायता करने के लिए अपील की है. यूरोपीय संघ ने बुधवार को तीन करोड़ यूरो की मदद की घोषणा की थी और इसके बाद उसने एक करोड़ यूरो और देने की मदद की है. राष्ट्रपति असिफ़ अली ज़रदारी के प्रवक्ता का कहना है कि उन्होंने सिंध में सुखर क्षेत्र का दौरा किया है और प्रभावित लोगों को वादा किया है कि सरकार उनके घर दोबारा बनाकर देगी.
प्रवक्ता फ़रहतुल्ला बाबर ने बीबीसी को बताया, "राष्ट्रपति ज़रदारी ने सुखर क्षेत्र में राहत शिविर का दौरा किया. उन्होंने लोगों की शिकायतें सुनी हैं. उन्होंने वादा किया है कि सरकार जल्द से जल्द स्थिति को बेहतर बनानी की कोशिश करेगी." बाढ़ से फ़सलों को भारी नुकसान हुआ है, विशेष तौर पर - गेहूँ, कपास और गन्ने की फ़सलें बढ़े क्षेत्र में तबाह हो गई हैं. खाद्य आपूर्ति और कृषि मंत्री नज़र मोहम्मद गोंडल ने बीबीसी को बताया, "फ़सलों को भारी नुकसान पहुँचा है."
पंजाब के गवर्नर सलमान तासीर ने बीबीसी को बताया, "प्रांत में दो से तीन अरब डॉलर की फ़सलें तबाह हो गई हैं. इसमें 6.5 लाख एकड़ में लगाई जा रही कपास, धान, मक्की इत्यादी फ़सलें शामिल हैं."












Click it and Unblock the Notifications