सैन्य अदालत ने फोंसेका को दोषी करार दिया
कोलंबो, 13 अगस्त (आईएएनएस)। एक सैन्य अदालत ने पूर्व सैन्य कमांडर, जनरल सरथ फोंसेका को सैन्य सेवा के दौरान राजनीति में हस्तक्षेप करने का दोषी पाया है और उनकी अपमानजनक विदाई की सिफारिश की है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार एक अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे अभी यह तय नहीं कर पाए हैं कि अदालत की सिफारिश मानी जाए या नहीं। राजपक्षे रक्षा मंत्री और सशस्त्र बलों के कमांडर- इन-चीफ भी हैं।
फोंसेका के खिलाफ कोर्ट मार्शल की पूरी कार्यवाही बचाव पक्ष के वकीलों की अनुपस्थिति में संपन्न हो गई।
फोंसेका के वकील सुनील वाटागाला ने कहा कि उन्हें सजा के बारे में सूचित नहीं किया गया है और वह इसके खिलाफ याचिका दायर करेंगे।
यदि राजपक्षे कोर्ट मार्शल के निष्कर्षो पर अमल करते हैं तो फोंसेका को अपने रैंक, पेंशन, सुरक्षा, आवासीय सुविधा और सरकार द्वारा मुहैया कराई गई जमीन से हाथ धोना पड़ेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications