कांग्रेस कोर समिति में कलमाडी पर नहीं हो पाया निर्णय (लीड-1)
प्रधानमंत्री के आवास पर शुक्रवार शाम हुई कोर समिति की बैठक में कलमाडी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों के साथ ही राष्ट्रमंडल खेलों व परमाणु विधेयक तथा संसद के मौजूदा मानसून सत्र से संबंधित अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।
पार्टी सूत्रों ने कहा कि यद्यपि राष्ट्रमंडल खेलों से संबंधित भ्रष्टाचार में कलमाडी की संलिप्तता से संबंधित मुद्दा बैठक में उठाया गया, लेकिन इस मामले में कोई निर्णय नहीं लिया जा सका।
कलमाडी को लेकर संसद में शुक्रवार को हुए हंगामे को देखते हुए इस बात की उम्मीद की जा रही थी कि कोर समिति में कलमाडी पर कोई निर्णय लिया जा सकता है।
बैठक में खेलों की निगरानी करने के लिए एक समिति के गठन पर भी चर्चा हुई, लेकिन अंतिम निर्णय सरकार पर छोड़ दिया गया। सरकार इस मुद्दे पर खेल मंत्री एम.एस.गिल के साथ मशविरा करेगी।
बैठक के बाद पार्टी के एक सदस्य ने कहा, "मुद्दों पर चर्चा तो हुई, लेकिन इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। यह तय किया गया कि सरकार खेल मंत्री एम.एस.गिल के साथ चर्चा कर कोई निर्णय लेगी।"
इस संबंध में हालांकि कैबिनेट सचिव के.एम. चंद्रशेखर को तैयारियों के समन्यवयन की जिम्मेदारी सौंपे जाने का निर्णय लिया गया है।
विपक्षी पार्टियां कलमाडी के खिलाफ कार्रवाई करने का सरकार पर दबाव बना रही हैं। लेकिन सूत्रों ने कहा है कि कलमाडी के खिलाफ आरोपों पर कोई निर्णय तब तक नहीं लिया जा सकता, जब तक कलमाडी के खिलाफ आरोप साबित नहीं हो जाते या फिर खेल समाप्त नहीं हो जाते।
इसके पहले अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के एक पदाधिकारी ने आईएएनएस को बताया था, "आलाकमान इस निष्कर्ष पर पहुंचा है कि मीडिया रिपोर्ट को आधार बनाकर अधिकारियों को बदलने की जगह सबका ध्यान खेलों के सफल आयोजन पर होना चाहिए।"
सूत्रों ने कहा है कि अहमद पटेल तथा पार्टी के अन्य नेताओं ने तमाम विवादों को लेकर सोनिया को अवगत करा दिया है क्योंकि वह 25 जुलाई से देश में नहीं थीं।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस नेताओं का एक धड़ा चाहता है कि राहुल खुद भी खेलों की तैयारियों की निगरानी करने वाली समिति के सदस्य बनें। राहुल के सहयोगियों ने हालांकि उन्हें इस काम से दूर रहने की सलाह दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications