उप्र में सरकारी चिकित्सक ने आत्महत्या की
पुलिस के मुताबिक कानपुर शहर के किदवई नगर इलाके में रहने वाले चिकित्सक संजय कुमार (42) ने गुरुवार को अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी । वारदात के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। परिजन जब देर शाम लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। जब उन्होंने दरवाजा तोड़कर भीतर देखा तो संजय कुमार का शव फंदे पर झूल रहा था।
किदवईनगर थाना प्रभारी प्रभु सिंह ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया, " घर में संजय अपने दो बच्चों ईशू व मौली तथा माता-पिता के साथ रहते थे। कुछ सप्ताह पहले उनका पत्नी रेनु से कुछ विवाद हो गया था, जिसके बाद पत्नी घर छोड़कर अकेले लखनऊ में रिश्तेदार के यहां रहने लगी थी।"
सिंह ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद का मामला प्रतीत हो रहा है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। माता-पिता ने बताया कि गुरुवार सुबह बच्चों को लेकर संजय का पत्नी से फोन पर झगड़ा हुआ था। संभवत: पत्नी बच्चों को ले जाने की बात कह रही थी, जिसको लेकर संजय परेशान थे।
पुलिस के मुताबिक संजय कुमार फतेहपुर के कुरील कस्बे में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications