एकीकृत मुख्यालय की बैठक शनिवार के लिए स्थगित (लीड-1)
श्रीनगर, 13 अगस्त (आईएएनएस)। एकीकृत मुख्यालय की यहां शुक्रवार की शाम प्रस्तावित बैठक स्थगित कर दी गई। अब यह बैठक शनिवार को आयोजित होगी।
इस बीच इस बात की चर्चा रही कि बैठक इसलिए स्थगित की गई, क्योंकि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला उत्तर कश्मीर में विरोध प्रदर्शन के दौरान चार नागरिकों की हुई मौत को लेकर नाराज थे। लेकिन राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि बैठक इसलिए स्थगित की गई, क्योंकि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अर्धसैनिक बल के अधिकारी क्षेत्र में व्यस्त थे।
बयान में कहा गया है, "एकीकृत मुख्यालय की बैठक शुक्रवार की शाम छह बजे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की अध्यक्षता में होनी थी। लेकिन वरिष्ठ पुलिस एवं अर्धसैन्य बल अधिकारियों के क्षेत्र में व्यस्त रहने के कारण बैठक स्थगित कर दी गई।"
इसके पहले मुख्यमंत्री के एक करीबी सहयोगी ने इस अफवाह पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया कि उमर ने गोलीबारी में हुई मौतों के विरोध स्वरूप बैठक में हिस्सा न लेने का निर्णय किया था। लेकिन मुख्यमंत्री के दूसरे सहयोगियों ने कहा कि बैठक इसलिए रद्द कर दी गई, क्योंकि शुक्रवार की बैठक के लिए कोई एजेंडा ही नहीं था।
घाटी में शुक्रवार को हुई चार मौतों के अलावा 30 सुरक्षाकर्मियों व प्रदर्शनकारियों सहित 47 से अधिक लोग घायल हो गए।
यहां सौरा स्थित शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस के एक चिकित्सक ने कहा, "शुक्रवार को गोली से घायल नौ लोगों को हमारे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें से दो की हालत नाजुक है।"
श्रीनगर शहर के एसएमएचएस अस्पताल के चिकित्सकों ने कहा कि वहां आठ घायलों को भर्ती कराया गया है। उनमें से कुछ को गोली लगी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications