पाकिस्तान बाढ़ पीड़ितों के लिए भारत 50 लाख डॉलर देगा
नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। पिछले महीने भारत-पाकिस्तान वार्ता की विफलता से उत्पन्न कड़वाहट के बावजूद विदेश मंत्री ए.एम. कृष्णा ने शुक्रवार को अपने पाकिस्तानी समकक्ष शाह महमूद कुरैशी से बात की और पाकिस्तान के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए भारत की ओर से 50 लाख डॉलर देने का प्रस्ताव रखा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार टेलीफोन पर हुई बातचीत में कृष्णा ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष से कहा कि जरूरत की इस घड़ी में भारत पाकिस्तान के लोगों के साथ है।
मंत्रालय ने बताया कि भारत की जनता एवं सरकार की ओर से कृष्णा ने प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में पाकिस्तानी सरकार तथा वहां के लोगों के प्रति गहरी सहानुभूति जताई एवं मरने वालों के प्रति शोक जताया।
बातचीत के दौरान कृष्णा ने बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री जुटाने के लिए भारत सरकार की ओर से 50 लाख डॉलर की सहायता राशि देने का प्रस्ताव रखा।
पाकिस्तान के बाढ़ पीड़ितों के साथ एकता दिखाने और सहायता देने का प्रस्ताव इस बात का महत्वपूर्ण संकेत है कि 15 जुलाई को दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच हुई वार्ता के बाद चले प्रत्यारोपों के दौर के बावजूद भारत सकारात्मक माहौल बनाना चाहता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications