पाक के जकोबाबाद में बाढ़ का खतरा, हजारों ने घर छोड़ा
जकोबाबाद (पाकिस्तान), 13 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिणी पाकिस्तान के एक प्रमुख शहर में शुक्रवार को अधिकारियों द्वारा बाढ़ की चेतावनी जारी किए जाने के बाद हजारों लोगों ने घर छोड़ दिया। बचाव कर्मियों ने देशभर में बाढ़ प्रभावित लाखों लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास जारी रखा।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार लगभग 400,000 आबादी वाले जकोबाबाद शहर को छोड़ने के लिए लोगों ने कारों, लॉरियों, ट्रैक्टरों और गधा-गाड़ियों का इस्तेमाल किया।
जिला समन्वय अधिकारी काजिम अली जटोई ने बताया, "नूरवाह नहर का जलस्तर काफी बढ़ गया है। खतरा इस बात का है कि तटबंधों में किसी भी समय दरार पड़ सकता है। इसलिए हम लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे शहर को खाली कर दें।"
बहुत से लोग हालांकि अपना घर-बार छोड़ने के इच्छुक नहीं हैं। नूर मोहम्मद (46) ने कहा, "मेरा जीवन बेतरतीब हो गया है। बुजुर्ग पिता और तीन बच्चे दूसरी जगह चले गए हैं लेकिन मैं अपनी संपत्ति की रखवाली के लिए यहीं रुका हुआ हूं। कहां ठहरूंगा, हर जगह पानी है।"
उल्लेखनीय है कि भारी बारिश के बाद आई बाढ़ के कारण एक सप्ताह के दौरान खाली कराया जाने वाला जकोबाबाद पाकिस्तान का दूसरा प्रमुख शहर है।
इससे पहले पंजाब प्रांत के मुजफ्फरगढ़ शहर से साढ़े चार लाख लोग पलायन को विवश हुए थे और इन लोगों ने नजदीकी शहर मुल्तान में शरण लिया था।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन के मुताबिक बाढ़ की वजह से अब तक 1384 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications