पूर्वोत्तर में हाई अलर्ट, रात्रिकालीन रेलगाड़ियां रद्द
गुवाहाटी/अगरतला, 13 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस के कारण समूचे पूर्वोत्तर में शुक्रवार को सुरक्षा की दृष्टि से हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया और अधिकारियों ने असम से होकर गुजरने वाली सभी रात्रिकालीन रेलगाड़ियां रद्द कर दीं। ये एहतियाती उपाय बड़े संस्थानों एवं रेलवे पटरियों को उड़ाने की आतंकी धमकियों के मद्देनजर किए गए हैं।
असम के कार्यवाहक मुख्यमंत्री भूमिधर बर्मन ने आईएएनएस को बताया, "खुफिया सूत्रों से यह जानकारी मिलने के बाद कि विद्रोही 15 अगस्त को हिंसक वारदातों को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं, राज्य में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और हालात से निपटने के लिए समूचे असम में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।"
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने सुरक्षा कारणों से असम से होकर गुजरने वाली सभी रात्रिकालीन रेलगाड़ियों को शनिवार शाम से 17 अगस्त तक रद्द करने की घोषणा की है।
पूर्वोत्तर रेलवे के प्रवक्ता एस. हाजोंग ने आईएएनएस को बताया, "हमने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर असम से होकर रात के समय गुजरने वाली लंबी दूरी की 26 रेलगाड़ियों को रद्द करने एवं स्थगित करने का फैसला लिया है।"
उन्होंने बताया कि रेलगाड़ियां शनिवार को शाम छह बजे से 17 अगस्त की सुबह पांच बजे तक रद्द रहेंगी।
असम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार भारत के पूर्वोत्तर में पांच गुरिल्ला संगठनों ने स्वतंत्रता दिवस समारोहों के बहिष्कार के लिए 17 घंटे की आम हड़ताल का एलान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications