आतंकी-नक्सली सांठगांठ में 2 गिरफ्तार
बेंगलुरू के पुलिस आयुक्त शंकर बिदारी ने शुक्रवार को कहा, "बेंगलुरू पुलिस ने आईएसआई के एक ऐसी साजिश का खुलासा किया है, जिसमें नक्सली गतिविधि के द्वारा देश में आतंकवादी घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में थे।"
उन्होंने बताया, "दो साजिशकर्ता गिरफ्तार किए गए हैं और उनके पास से संदिग्ध वस्तुएं बरामद की गई हैं।"
गिरफ्तार किए गए साजिशकर्ताओं की पहचान हसन जिले के रामनाथपुरा के रहने वाले 30 वर्षीय विनय कुमार और कोडगू जिले के नल्लूर निवासी 33 साल के देवइया के रूप में की गई है।
शहर के रवींद्रनाथ टैगोर इलाके में स्थित देवइया के घर से गैर लाइसेंसी पिस्तौल, सात कारतूस, वीजा और पासपोर्ट जब्त किया गया है।
बिदारी ने बताया, "पुलिस को जानकारी मिली है कि आईएसआई दाऊद इब्राहिम और उसके सहयोगी छोटा शकील के जरिये नक्सली नेताओं के साथ संपर्क कर उन्हें आतंकवादी घटनाओं को अंजाम देने लिए उकसा रहा है।"
उन्होंने बताया कि विनय को दक्षिण कर्नाटक के अल्ताफ उर्फ राकेश से 25 लाख रुपये आतंकी गतिविधियों के लिए मिले थे।
अल्ताफ दुबई में रहता है और कर्नाटक में सक्रिय नक्सलियों से संबंध स्थापित करने की कोशिश कर रहा था।
गौरतलब है कि नक्सली दक्षिण कर्नाटक, उडुपी, शिमोगा और चिकमगलूर जिलों में सक्रिय हैं।
बिदारी ने बताया कि विनय कुछ नक्सलियों को दुबई भेजने की योजना बना रहा था, जबकि देवइया आंध्र प्रदेश के नक्सलियों से संबंध स्थापित किए हुए था।
आयुक्त ने बताया कि अल्ताफ दुबई जाने से पहले बेंगलुरू में रेस्तरां चलाता था और विनय वहां काम करता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications