स्वायत्तता कश्मीर समस्या का हल नहीं : मीरवाइज
श्रीनगर, 13 अगस्त (आईएएनएस)। हुर्रियत संगठन के उदार धड़े के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक ने शुक्रवार को कहा कि स्वायत्तता कश्मीर मुद्दे का हल नहीं है।
पुराने शहर के ऐतिहासिक जामिया मस्जिद में जुम्मे की नमाज के लिए बड़ी संख्या में जुटे लोगों को संबोधित करते हुए मीरवाइज ने कहा, "स्वायत्तता कश्मीर समस्या का हल नहीं, क्योंकि यहां के लोग पूरी आजादी चाहते हैं।"
उन्होंने कहा कि कश्मीर भारत और पाकिस्तान के बीच का द्विपक्षीय मुद्दा नहीं, बल्कि दो दक्षिण एशियाई पड़ोसियोंऔर यहां के लोगों के बीच का त्रिपक्षीय मुद्दा है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के घाटी में शांति बहाली के आह्वान तथा यह बयान कि 63 साल की समस्या का हल हो सकता है, पर टिप्पणी करते हुए मीरवाइज उमर ने कहा, "हम भी कश्मीर के शांतिपूर्ण समाधान में विश्वास करते हैं, लेकिन यह फिलहाल संभव नहीं है, क्योंकि निर्दोष कश्मीरी सुरक्षा बलों द्वारा लगातार मारे जा रहे हैं।"
मीरवाइज ने अपनी अपील दोहराई कि सशस्त्र बल (विशेष बल) अधिनियम (एएफएसपीए) के जवानों को घनी आबादी वाले इलाकों से वापस बुलाया जाए, साथ ही राजनीतिक बंदियों और युवाओं को रिहा किया जाए।
उन्होंने कट्टरपंथी अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी से अपील की कि उनका संगठन जो यहां साप्ताहिक प्रतिरोध कार्यक्रम चलाता रहा है, वादा करे कि शुक्रवार को कोई जुलूस नहीं निकाला जाएगा और बंद का एलान नहीं किया जाएगा, ताकि रमजान के पवित्र महीने में समूची घाटी के लोग मस्जिदों में नमाज अदा कर सकें।
मीरवाइज ने हालांकि कहा कि उनका संगठन गिलानी के संगठन द्वारा जारी साप्ताहिक प्रतिरोध कार्यक्रमों के कैलेंडर का पूरा समर्थन करेगा। उनके अनुसार, "अलगाववादी नेतृत्व मौजूदा अलगाववादी अभियान को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications