ब्लैकबेरी को गतिरोध खत्म होने की उम्मीद (लीड-1)
नई दिल्ली/टोरंटो, 13 अगस्त (आईएएनएस)। ब्लैकबेरी की सांकेतिक भाषा में संदेश प्रसारित करने वाली सेवाओं पर पैदा हुए गतिरोध को खत्म करने के लिए शुक्रवार को इस फोन की निर्माता कंपनी रिसर्च इन मोशन (आरआईएम) के अधिकारियों ने गृह मंत्रालय के उच्च अधिकारियों से मुलाकात की।
वहीं दूसरी ओर ब्लैकबेरी को अपने सांकेतिक भाषा में प्रसारित होने वाले संदेशों तक पहुंच की सुविधा 31 अगस्त तक उपलब्ध कराने की भारत की चेतावनी के बाद टोरंटो स्टॉक एक्सचेंज पर आरआईएम के शेयरों में चार प्रतिशत तक की गिरावट आई।
कंपनी के उपाध्यक्ष राबर्ट क्रो ने नई दिल्ली में इस मुलाकात के बाद कहा, "मैं काफी आशान्वित हूं।" इससे पहले क्रो गुरुवार को गृहमंत्री पी. चिदंबरम से मुलाकात कर चुके हैं।
ब्लैकबेरी को दो तरह के इंक्रिप्टेड आंकड़ों तक पहुंच की सुविधा 31 अगस्त तक उपलब्ध कराने की भारत की चेतावनी पर आरआईएम ने कहा था कि स्मार्ट फोन के संदेशों तक पहुंच के मामले में उसने एक स्पष्ट रुख अपनाया है।
ब्लैक बेरी की मूल वॉयस और एसएमएस सेवाएं सुरक्षा एजेंसियों को उपलब्ध हैं। भारत की मांग है कि मुख्य रूप से निगमों द्वारा उपयोग किए जा रहे ब्लैकबेरी के इंटरप्राइज सर्वर और लोकप्रिय मेसेंजर सेवा तक सुरक्षा एजेंसियों की पहुंच सुनिश्चित की जाए। मेसेंजर सेवा व्यावसायिक जगत और अन्य उपभोक्ताओं में समान रूप से लोकप्रिय है।
नई दिल्ली में आरआईएम के अधिकारियों की गृह मंत्री पी.चिदंबरम से गुरुवार को हुई मुलाकात के बाद भारत ने कहा, "यदि 31 अगस्त 2010 तक तकनीकी हल नहीं उपलब्ध कराया गया तो सरकार स्थिति की समीक्षा करेगी और इन दो सेवाओं को बाधित करेगी।"
आरआईएम ने कहा कि वह अपने मूल सुरक्षा प्रावधान से कोई समझौता नहीं करेगी। उसने अपनी सेवा तक कानूनी पहुंच का 'वैश्विक मानक' तय किया है और किसी एक देश के साथ उसका कोई विशेष समझौता नहीं है।
आरआईएम ने कहा कि किसी भी अफवाह के विपरीत दुनिया की किसी भी सुरक्षा एजेंसी या आरआईएम के पास वास्तव में उसके ग्राहकों के ई-मेल को पढ़ने की क्षमता नहीं है।
कंपनी के अनुसार ब्लैकबेरी का इंटरप्राइज सर्वर इस तरह बनाया गया है कि उसमें कोई इंक्रिप्टेड आंकड़ा सुरक्षित नहीं होता और इसलिए उसे पढ़ना संभव नहीं है।
उधर, भारत की चेतावनी के चलते गुरुवार को आरआईएम का शेयर 2.34 डॉलर गिरकर 56.44 डॉलर प्रति शेयर पर बंद हुआ।
इससे पहले सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की चेतावनी तथा नए ब्लैकबेरी टार्च 9800 को उम्मीद से कम सफलता मिलने के कारण आरआईएम के शेयरों में करीब 10 प्रतिशत की गिरावट आई थी। बाद में सोमवार को कंपनी के शेयर मूल्य में खासी वृद्धि दर्ज की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications