राष्ट्रमंडल खेलों पर स्थगन प्रस्ताव लाएगी भाजपा
भाजपा नेता गोपीनाथ मुंडे ने यहां सम्वाददाताओं को बताया, "हम कई दिनों से लगातार यह मसला दोनों सदनों में उठा रहे हैं और सरकार राष्ट्रमंडल खेलों के लेन-देन में बड़े पैमाने पर हुए भ्रष्टाचार पर आश्चर्यजनक रूप से चुप्पी साधे हुए है।"
उन्होंने कहा कि भाजपा ने फैसला किया है कि वह सोमवार को संसद के दोनों सदनों में स्थगन प्रस्ताव लाएगी और प्रश्नकाल स्थगित कर इस मसले पर चर्चा कराने की मांग करेगी।
मुंडे ने कहा, "न प्रधानमंत्री और न ही संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी इस मसले पर कुछ बोल रही हैं।" उन्होंने कहा कि सरकार को फैसला लेना होगा और संसद को सूचित करना होगा कि वह क्या कर रही है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष खेल मंत्री एम.एस.गिल और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एस. जयपाल रेड्डी के जवाबों से संतुष्ट नहीं है।
उन्होंने कहा, "उनसे कुछ भी पूछने पर वे कहते हैं कि वे नहीं जानते। वे सभी हदें पार कर चुके हैं। किसी को तो जिम्मेदारी लेनी होगी। सरकार इस मामले को ठंडे बस्ते में डालने की कोशिश कर रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications