नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार
जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गनियन पुरवा गांव में पुलिस और विशेष कार्य बल (एसओजी) ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर गुरुवार देर रात तीन युवकों को गिरफ्तार किया।
बहराइच के पुलिस अधीक्षक राम भरोसे ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि तीनों के कब्जे से 84,000 रुपये के जाली नोट, एक स्कैनर, प्रिटर, कंप्यूटर व नकली नोट छापने का अन्य सामान बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार राम मिलन, जंग बहादुर और राम मूर्ति (तीनों की उम्र करीब 30 वर्ष) पिछले करीब एक साल से जाली नोट छापने का काम कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि गिरोह का सरगना राम मिलन था। उसी के घर पर जाली नोटों की छपाई होती थी।
पुलिस के मुताबिक तीनों उत्तर प्रदेश के साथ बिहार व अन्य प्रदेशों में मौजूद अपने ग्राहकों को नकली नोटों की आपूर्ति करते थे। तीनों से उनके संपर्को के बारे में पूछताछ की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।