प्रणब ने ममता को पत्र नहीं लिखा : तृणमूल
मुखर्जी के पत्र लिखने के संबंध में कुछ टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित खबरों के बारे में पूछे जाने पर तृणमूल कांग्रेस के नेता दिनेश त्रिवेदी ने कहा, "यह कल्पना की एक उपज है कि किसी ने कोई पत्र लिखा है। मुझे इसके बारे में जानकारी नहीं है।"
केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री त्रिवेदी ने कहा कि पार्टी ने बनर्जी की हत्या के प्रयास का मामला संसद में उठाया।
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष की हत्या का यह निश्चित तौर पर प्रयास था क्योंकि लालगढ़ रैली के रास्ते में एक ट्रक उनके काफिले में घुस गया। उन्होंने कहा कि बनर्जी अस्वस्थ हैं और उनको आराम की सलाह दी गई है।
रैली में बनर्जी की विवादास्पद टिप्पणी पर लोकसभा में मुखर्जी की प्रतिक्रिया के बारे में पूछने पर त्रिवेदी ने कहा कि वित्त मंत्री जांच के तथ्यों के बारे में बता रहे थे।
लालगढ़ की रैली में बनर्जी ने नक्सलियों के प्रवक्ता चेरुकुरी राजकुमार उर्फ आजाद के एक मुठभेड़ में दो जुलाई को मारे जाने की निंदा करते हुए कहा कि यह एक फर्जी मुठभेड़ थी।
वाम दलों ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने नक्सलियों के साथ राजनीतिक गठबंधन किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications