भारत की चेतावनी के बाद ब्लैकबेरी के शेयरों में गिरावट
टोरंटो, 13 अगस्त (आईएएनएस)। ब्लैकबेरी के इंक्रिप्टेड आंकड़ों तक पहुंच की सुविधा 31 अगस्त तक उपलब्ध कराने की भारत की चेतावनी के बाद स्मार्ट फोन निर्माता कंपनी रिसर्च इन मोशन (आरआईएम) के शेयरों की कीमत टोरंटो स्टॉक एक्सचेंज में गुरुवार को चार प्रतिशत तक गिर गई।
ब्लैकबेरी इंटरप्राइज कम्युनिकेशंस और ब्लैकबेरी मेसेंजर सेवा तक 31 अगस्त तक पहुंच नहीं देने पर भारत ने ब्लैकबेरी की सेवाएं बंद करने की धमकी दी है। इसके बाद आरआईएम के शेयर 2.34 डॉलर गिरकर 56.44 डॉलर प्रति शेयर पर बंद हुए।
सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की चेतावनी तथा नए ब्लैकबेरी टार्च 9800 को उम्मीद से कम सफलता मिलने के बाद आरआईएम के शेयरों में करीब 10 प्रतिशत की गिरावट के बाद सोमवार को उसके शेयर मूल्य में काफी वृद्धि देखी गई थी।
समस्या के गहराने के बावजूद प्रतिष्ठित दैनिक 'ग्लोब एंड मेल' ने कनाडा की मोबाइल कंपनी की सेवा बंद करने की चेतावनी के जवाब में आरआईएम के अपने सुरक्षा सिद्धांतों पर कायम रखने के रुख की प्रशंसा की है।
शुक्रवार को एक लेख में अखबार ने कहा कि भारत नया एशियाई देश है जिसने ब्लैकबेरी के संदेशों को देखने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए समय सीमा तय की है।
लेख में कहा गया कि गुरुवार को आरआईएम ने सरकारों से अपने समझौते की रूपरेखा प्रदर्शित करके सही किया। सभी पक्षों को समझौते में पारदर्शी तरीका अपनाने और इलेक्ट्रॉनिक संचार के मुक्त प्रवाह के पक्ष में खड़े होने की आवश्यकता है।
अखबार ने कहा कि भारत की सुरक्षा चिंताओं को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है क्योंकि इसका लोकतंत्र पूर्वोत्तर में हिंसक विद्रोह का सामना कर रहा है। उसकी वाणिज्यिक राजधानी मुंबई पर वर्ष 2008 में आतंकवादी हमला हुआ। इसमें मुख्य रूप से पाकिस्तानी आतंकवादियों की भूमिका थी लेकिन उनकी योजना में ब्लैकबेरी के उपयोग का कोई साक्ष्य नहीं मिला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications