बिहार में नौका दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 28 हुई
पटना, 12 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के सुपौल जिले के मरौना थाना क्षेत्र में कोसी नदी में बुधवार शाम हुई एक नौका दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 28 हो गई है। इनमें 17 महिलाएं हैं।
सुपौल के पुलिस अधीक्षक नागेंद्र प्रसाद सिंह ने गुरुवार को टेलीफोन पर आईएएनएस को बताया कि इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 28 हो गई है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतकों में 17 महिलाएं और 15 वर्ष से कम उम्र वाले सात लड़के भी शामिल हैं।
सिंह ने बताया कि पीड़ित कुआंटोला, परसौनी तथा मंगासिहौत गांव के निवासी थे। इस घटना में अब किसी के भी लापता होने की सूचना नहीं है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार शाम 60 से 70 लोग एक नाव पर सवार होकर बरमोसर गांव में एक श्राद्घ कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे। इसी बीच कोसी नदी में नाव डूब गई। घटनास्थल कोसी और तिलयुगा नदी का संगमस्थल बताया जा रहा है। घटना के बाद कुछ लोग तैरकर बाहर निकल आए थे।
घटना के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी मृतकों के परिजनों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications