ब्लैकबेरी के अधिकारी ने चिंदबरम से मुलाकात की
आरआईएम के उपाध्यक्ष रॉबर्ट क्रो से मुलाकात के बाद नार्थ ब्लॉक स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए चिदंबरम ने कहा, "यह केवल एक शिष्टाचार भेंट थी।"
अधिकारियों ने बताया कि इस बैठक में ब्लैकबेरी के अधिकारी ने गृहमंत्री से फोन को लेकर सुरक्षा चिंताओं पर बातचीत की और इस मुद्दे पर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत बातचीत की जरूरत बताई।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस बैठक में अभी कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। इसके बाद एक और बैठक होने की संभावना है।
वहीं दूसरी ओर गृह सचिव द्वारा देश की दूरसंचार कंपनियों के साथ गुरुवार को ही बुलाई गई एक अन्य बैठक अंतिम समय में रद्द कर दी गई। बैठक रद्द करने का कोई कारण नहीं बताया गया और न ही कोई दूसरी तारीख तय की गई है।
गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि, "यहां केवल एक आंतरिक बैठक हुई है।"
इस बैठक में इंटेलिजेंस ब्यूरो, दूरसंचार विभाग और सरकारी क्षेत्र की कंपनी बीएसएनएल के साथ गृह मंत्रालय के अधिकारी शामिल हुए।
इससे पहले ब्लैकबेरी की सेवाएं संचालित करने वाले दूरसंचार सेवा प्रदाओं को बैठक में बुलाया जाना था।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि उसका इरादा ब्लैकबेरी की निजी संदेशों वाली सेवाओं की निजता भंग करने का नहीं है बल्कि वह इन सेवाओं का दुरुपयोग होने से रोकना चाहती है। सरकार सुनिश्चित करना चाहती है कि इनका उपयोग आतंकवादी और उग्रवादी न करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications