हिंदी को संयुक्त राष्ट्र की आधिकारिक भाषा बनाने के प्रयास जारी
इस मुद्दे को आगे बढ़ाने में वित्तीय बाधाएं आने की बात अस्वीकार करते हुए कृष्णा ने कहा कि भारत हिंदी को संयुक्त राष्ट्र में एक आधिकारिक भाषा का दर्जा दिलाने के लिए लगातार अन्य देशों के साथ पैरवी कर रहा है। उन्होंने इस मुद्दे पर दबाव बनाने के लिए अनिवासी भारतीय समुदाय के समर्थन की मांग की।
कृष्णा ने राज्य सभा में एक पूरक प्रश्न का जबाव देते हुए कहा, "हम संयुक्त राष्ट्र में हिंदी को एक आधिकारिक भाषा बनाने के लिए सक्रिय कदम उठा रहे हैं। एक उच्च स्तरीय समिति इस मामले को देख रही है।"
उन्होंने कहा, "यह व्यय का सवाल नहीं है। हमें संख्या में बहुमत प्राप्त होगा।"
भारत द्वारा किए जा रहे प्रयासों को लाभदायक बताते हुए कृष्णा ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र हिंदी में एक साप्ताहिक कार्यक्रम बना रहा है जो उसकी वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा और इसके अलावा ऑल इंडिया रेडियो पर भी इसका प्रसारण होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।