पंजाब और सिंध प्रांतों में नदियां उफान पर
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक बाढ़ की तबाही में अब तक 1,600 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। अधिकारियों के मुताबिक सिंध तथा चिनाब नदियों का जलस्तर बढ़ गया है जिससे पंजाब के चार तथा सिंध के आठ जिलों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।
स्थानीय समाचार पत्र 'डॉन' के मुताबिक चास्मा बैराज पर बुधवार शाम को सिंधु नदी के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई वहीं दूसरी तरफ त्रिमू बैराज पर चिनाब नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई है।
मौसम विभाग के प्रमुख कमर-उ-जमां ने बताया, "बुरे हालात अभी समाप्त नहीं हुए हैं। इस मामले में अगले 10 दिन काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं क्योंकि बाढ़ का पानी अभी पंजाब से गुजर रहा है जिसका असर दक्षिणी प्रांतों में पड़ेगा।"
पाकिस्तान में संयुक्त राष्ट्र के मानवीय अभियान के प्रवक्ता मौरीजियो ग्यूलियानो ने गुरुवार को कहा कि बाढ़ की वजह से देश की कृषि को अरबों डॉलर का नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा, "फसलों की काफी बर्बादी हुई है। मैं महसूस करता हूं कि नुकसान की भरपाई करने में कई अरब डॉलर लग सकते हैं। अभी हमारे पास इससे संबंधित आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं लेकिन मैं कृषि को पहले जैसी हालत में लाने पर बात कर रहा हूं।"
मौसम विभाग के मुताबिक झेलम, चिनाब, रवि और सतलुज के ऊपरी क्षेत्रों में तूफानी हवाएं चलने तथा बारिश होने की उम्मीद है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications