चीन के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में और बारिश की आशंका
प्रभावित इलाकों में गुरुवार को भी राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा तथा बचाव दल मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे रहे। यहां बारिश और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,117 तक पहुंच चुकी है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदा को देखते हुए प्रांतीय सरकार ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का निर्देश दिया है।
चीन के गन्नाम तिब्बतन स्वायत्तशासी क्षेत्र में रविवार आधी रात को हुए भूस्खलन में 45,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं जबकि 627 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
चीन की सरकार ने भूस्खलन से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए त्रिस्तरीय पुनर्वास कार्यक्रम की योजना बनाई है।
त्रिस्तरीय पुनर्वास कार्यक्रम के मुताबिक पहले चरण में प्रभावित लोगों को अस्थाई शिविर मुहैया कराये जा रहे हैं जबकि दूसरे चरण में इन लोगों को उनके रिश्तेदारों, मित्रों और पड़ोसियों के मकानों में रखने की व्यवस्था की जाएगी। तीसरे चरण में तबाह हुए मकानों का निर्माण कर लोगों को दोबारा बसाया जाएगा।
स्थानीय अखबार 'चाइना डेली' के मुताबिक अभी तक 647 लोगों को प्राथमिक चिकित्सा मुहैया कराई गई है जबकि गंभीर रूप से घायल हुए 64 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक भूस्खलन के 72 घंटे बाद भी मलबे से जीवित बचे लोगों की तलाश की जा रही है। जल संसाधन मामलों के उप मंत्री जियाओ योंग ने कहा कि विकट जलवायु परिस्थतियों के कारण ही भूस्खलन हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications