गुजरात में मकान ढहने से 9 की मौत
गांधीनगर, 9 अगस्त (आईएएनएस)। गुजरात के जूनागढ़ जिले के मंदिरों के शहर सोमनाथ में सोमवार की सुबह भारी बारिश के कारण एक मकान के ढहने से एक परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मकान तड़के लगभग तीन बजे ढह गया और उसमें दबकर तीन पुरुषों एवं छह महिलाओं सहित पूरा परिवार मौत का शिकार हो गया। इस हादसे के शोक में शहर की सभी दुकानें बंद रहीं।
अहमदाबाद में शनिवार की रात से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण सोमवार को दो मकान ढह गए, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। शहर के मानेकचौक में मकान ढहने से दो लोग घायल हो गए। इस पुराने मकान में गहने बनाने वाले 35 लोग रह रहे थे। संयोगवश हादसे के समय मकान में सात ही लोग मौजूद थे। उनमें से पांच लोगों को फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने बचा लिया।
अहमदाबाद में हालांकि बारिश बंद हो गई है, लेकिन निचले इलाकों में अब भी जलभराव है। गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के मोटेरा स्टेडियम में पानी भर गया जिसे निकालने का प्रयास किया जा रहा है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच नवंबर में पहला टेस्ट मैच यहीं खेला जाना है। इस तरह मैदान को तैयार करना समस्या बन गई है।
मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के लिए राज्य के आपदा विभाग के साथ बैठक की जिसमें हालत से तत्काल निपटने के लिए उच्चाधिकारियों को निर्देश दिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications