उप्र में नदियों के जलस्तर में गिरावट
बहराइच जिले में घाघरा नदी का जलस्तर कम होने से कैसरगंज क्षेत्र में घाघरा नदी पर बने रेवली-आदमपुर तटबंध पर मंडराने वाला खतरा कम हुआ है।
बहराइच के जिला आपदा अधिकारी वीरेंद्र पांडे ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि रेवली-आदमपुर तटबंध को कटान से बचाने के प्रयास जारी हैं। जलस्तर गिरने और कटान रोकने के लिए डाले गए पत्थरों के चलते घाघरा का कटान पहले से कम हुआ है। फिलहाल हालात पूरी तरह से नियंत्रण में है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल घाघरा का जलस्तर खतरे के निशान से 16 सेंटीमीटर नीचे चला गया है। गंगा, यमुना व उसकी अन्य सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ने का मुख्य कारण उत्तराखण्ड में मूसलाधार बारिश होना था। यह प्रमुख नदियां उत्तराखण्ड से ही निकलती हैं।
मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक बुधवार से एक बार फिर मानसून सक्रिय होने के बाद राज्यभर में मूसलाधार बारिश हो सकती है।
राज्य के पूर्वाचल और पश्चिमी हिस्सों के कुछ जिलों में सोमवार शाम हल्की बारिश दर्ज की गई। बीते 24 घंटों के दौरान लखनऊ का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications