कश्मीर में नदी से युवक का शव बरामद, तनाव
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "जिले के क्रीरी गांव का रहने वाला 18 वर्षीय फारुक बुखारी 28 जुलाई से लापता था। उसका शव मंगलवार को छुरा गांव के समीप निगली नदी से निकाला गया।"
क्रीरी में 28 जुलाई को सुरक्षा बलों ने बुखारी को कथित तौर पर गिरफ्तार किया था, जिसके बाद वहां हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए थे।
बुखारी के लापता होने के तुरंत बाद उसके रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने पुलिस शिविर पर हमला कर दिया और कई वाहनों को आग लगा दी थी।
छुरा, क्रीरी और उससे सटे गांवों के सैकड़ों लोगों ने मंगलवार को एकत्रित होकर बुखारी के शव के साथ एक जुलूस निकाला।
माहौल तब तनावपूर्ण हो गया, जब ग्रामीणों ने छुरा गांव के समीप श्रीनगर-मुजफ्फराबाद राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया।
उल्लेखनीय है कि कश्मीर घाटी में 11 जून से हिंसक प्रदशर्नो में सुरक्षा बलों की गोलीबारी में 50 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications