कश्मीर में स्थानीय निकाय चुनाव जल्द हो : मनमोहन
नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में स्थानीय निकाय के चुनाव जल्द कराए जाने चाहिए। इसके साथ ही सिंह ने प्रशासन में लोकप्रिय भागीदारी बढ़ाने के आधार पर शांतिप्रिय राजनीतिक गतिविधि को पुनर्जीवित करने पर जोर दिया।
उर्दू में टेलीविजन पर दिए अपने भाषण में सिंह ने कहा, "मैं मानता हूं कि लोकतांत्रिक प्रशासन में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए और जमीनी स्तर पर राजनीतिक सशक्तीकरण सुनिश्चित कराने के लिए स्थानीय निकाय चुनाव जल्द कराए जाने चाहिए।"
घाटी में 11 जून से जारी हिंसक प्रदर्शन से बिगड़े कश्मीर के हालात पर प्रधानमंत्री की यह पहला बयान है।
नई शुरुआत का आह्वान करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार लोगों से फिर से संपर्क बहाल करने के राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का पूरा समर्थन करेगी।
सिंह ने कहा, "मैं मानता हूं कि लोगों तक पहुंचने की और जमीनी स्तर पर शांतिप्रिय राजनीतिक गतिविधि को पुनर्जीवित करने की आप सभी की जिम्मेदारी है।"
प्रधानमंत्री ने राजनीतिक पार्टियों के युवा शाखाओं को सक्रिय करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे जम्मू एवं कश्मीर के युवकों की वैध आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications