मुंबई तट पर क्षतिग्रस्त जहाज से तेल रिसाव रुका: जयराम रमेश (लीड-1)
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश ने मंगलवार को लोकसभा में कहा, "जहाज से तेल रिसाव पूरी तरह रोक लिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।"
पनामा के जहाज एमएससी चित्रा और सेंट किट्स के जहाज एमवी खलीजिया 3 शनिवार सुबह दक्षिणी मुंबई तट से करीब पांच किलोमीटर दूर समुद्र में टकरा गए थे।
रमेश ने कहा कि सरकारी एजेंसियां इस तेल रिसाव का बुरा असर रोकने के लिए सभी जरूरी उपाय कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि जहाज पर 2,662 टन भारी तेल और 245 टन डीजल के टैंकर रखे हैं।
रमेश ने कहा, "जहाज के चारों तरफ तेल का रिसाव हुआ है। तटरक्षक दल और जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट के सदस्य इस तेल का प्रसार रोकने के लिए रसायनों का छिड़काव कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि जहाज पर रखे कंटेनरों को वहां से क्रेनों के जरिए हटाया जाएगा।
रमेश ने कहा कि तेल को पूरी तरह से साफ करने में करीब 45 दिन लगेंगे।
अनुमान के मुताबिक इस टक्कर के बाद जहाज से करीब 2,000 लीटर तेल समुद्र में बह गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications