चीन में भूस्खलन से 702 मरे, 1,042 लापता (लीड-1)
नागरिक मामलों के प्रांतीय विभाग के प्रमुख टीएन बाओझोंग के मुताबिक भूस्खलन के बाद करीब 1,243 लोगों को बचा लिया गया है, इनमें से 42 गंभीर रूप से घायल हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक झोउकू काउंटी में रविवार तड़के से बारिश आरंभ हुई थी। बारिश की वजह से जगह-जगह मकान ढह गए और सैकड़ों लोग मलबों में दब गए।
प्रभावित इलाकों में 4,443 तम्बू पहुंचाए गए हैं लेकिन खुले स्थान की कमी के चलते इनमें से ज्यादातर तम्बू नहीं लगाए जा सके हैं।
पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने 5,300 सैनिक, 150 वाहन, चार हेलीकॉप्टर और तेज गति से चलने वाली 20 नौकाएं झोउकू में भेजी हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता डेंग हेहुआ ने बताया कि घायलों की मदद और भोजन व पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए झोउकू में 363 सदस्यों के साथ 21 चिकित्सा दल भेजे गए हैं।
स्थानीय अस्पतालों में 218 लोगों का उपचार किया गया है। 41 लोग बुरी तरह से जख्मी हैं और उन्हें लानझोऊ ले जाया गया है।
सत्तारूढ़ कम्यूनिस्ट पार्टी के पोलितब्यूरो की नौ सदस्यीय स्थायी समिति ने मंगलवार को अधिकारियों और बचावकर्मियों से लोगों के जान-माल की सुरक्षा के लिए भरसक प्रयास करने को कहा है।
राष्ट्रपति हू जिन्ताओ की अध्यक्षता में स्थायी समिति ने एक वक्तव्य जारी कर अधिकारियों से भूस्खलन प्रभावितों की सुरक्षा के लिए सभी प्रभावी कदम उठाने को कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications