लश्कर-अलकायदा गिरोह को पछाड़ने के लिए प्रतिबद्ध : अमेरिका
नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका की सहायक रक्षा मंत्री (नीति) मिशेल फ्लर्नोय ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका सभी आतंकी गिरोहों को पछाड़ने और नष्ट करने के लिए प्रतिबद्ध है। चाहे वह पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) और अलकायदा का गिरोह ही क्यों न हो। फ्लर्नोय भारत के दौरे पर हैं।
फ्लर्नोय पाकिस्तान से होते हुए सोमवार को यहां आईं। उन्होंने कहा कि हर तरह के आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत और अमेरिका का सामूहिक हित है।
उन्होंने यहां संवाददाताओं को बताया, "हर तरह के आतंकवाद से मुकाबले में भारत और अमेरिका का एक मजबूत साझा हित है। हम अलकायदा और लश्कर जैसे आतंकी सगठनों के बीच एक मजबूत सांठगांठ देखते हैं। इस गिरोह को पछाड़ने के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और मैं समझती हूं कि इस क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए हम बहुत उत्सुक हैं।"
फ्लर्नोय हालांकि उस सवाल को टाल गईं, जिसमें पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसिस इंटेलिजेंस (आईएसआई) पर अफगानिस्तान में भारत विरोधी गतिविधियों को मदद देने संबंधी आरोप है और उसका खुलासा विकिलीक्स वेबसाइट द्वारा हाल में किया गया था।
उन्होंने कहा, "मैं यहां पाकिस्तानी एजेंसियों के बारे में बातचीत के लिए नहीं आई हूं। मैं नहीं समझती कि आतंक के खतरे और उससे मुकाबले के प्रति भारत और अमेरिका के दृष्टिकोण में कोई खास अंतर है।"
फ्लर्नोय ने यहां रक्षा मंत्री ए.के.एंटनी, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन, रक्षा सचिव प्रदीप कुमार और रक्षा व विदेश नीति विशेषज्ञों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि उनका दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब अमेरिका-भारत के रक्षा संबंधों के लिए बहुत महत्वपूर्ण समय है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications