प्रतापगढ़ में सड़क हादसे में छात्र की मौत
पुलिस ने बताया कि जिले के नगर कोतवाली इलाके में कक्षा नौवीं के एक छात्र को सड़क पार करते समय एक बस ने कुचल दिया, इससे छात्र की मौके पर हो मौत हो गई। छात्र स्थानीय एंजिल इंटर कालेज में पढ़ता था। घटना के समय छात्र सड़क पार करके विद्यालय जा रहा था।
घटना के बाद चालक बस को लेकर मौके से भागने लगा। उसी दौरान नाराज लोगों ने बस में तोड़फोड़ की और उसमें आग लगा दी। उग्र भीड़ ने आस-पास के अन्य वाहनों में भी तोड़फोड़ की। साथ ही चालक को पकड़कर उसकी पिटाई भी की।
मौके पर पहुंची पुलिस से आक्रोशित भीड़ की झड़प हो गई। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्के बल का प्रयोग किया।
जिले के पुलिस उपाधीक्षक शिवाजी शुक्ला ने संवाददाताओं को बताया कि चालक को भीड़ के कब्जे से छुड़ाकर कर पुलिस हिरासत में ले लिया गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
शुक्ला ने कहा कि तोड़फोड़ और आगजनी करने वाले प्रदर्शनकारियों की भी पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications