इजरायली गोलीबारी की जांच कर रही समिति से मिलेंगे मून
न्यूयार्क, 10 अगस्त (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून गाजा के लिए सहायती सामग्री ले जा रहे जहाजी बेड़े पर इजरायल की ओर से की गई गोलीबारी की जांच कर रही समिति के सदस्यों के साथ मंगलवार को बैठक करेंगे।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार मून ने सोमवार को कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में चार सदस्यीय समिति से मिलेंगे। समिति के गठन के बाद पहली बार मून इसके सदस्यों से मुलाकात कर रहे हैं।
पिछले दिनों एक अखबार में खबर छपी थी कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव इस जांच से इजरायली सेना को अलग रखने पर सहमत हैं। मून ने इस पूरी खबर को आधारहीन करार दिया।
महासचिव ने कहा, "इस तरह की कोई सहमति नहीं बनी है। इस समिति का काम राष्ट्रीय स्तर की गई जांच की समीक्षा और पड़ताल करना है। इसके बाहर किसी भी चीज की जरूरत पड़ेगी तो जांचकर्ता स्थानीय सरकार के अधिकारियों से चर्चा करेंगे।"
इसी साल मई में गाजा पट्टी के लिए सहायता सामग्री ले जा रहे जहाजी बेड़े पर इजरायल की नौसेना ने गोलीबारी की थी। इसमें नौ सहायताकर्मी मारे गए थे। मारे गए लोगों में ज्यादातर तुर्की के नागरिक थे।
इजरायल ने खुद इस घटना की सैन्य स्तर पर जांच कराई है। तुर्की के एक राजनयिक ने अंकारा में कहा कि जांच समिति को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सामने सीधे पूरा विवरण देना चाहिए। फिलहाल तुर्की भी सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications