ब्लैकबेरी के शेयर में तेजी
टोरंटो, 10 अगस्त (आईएएनएस)। ब्लैकबेरी बनाने वाली कंपनी रिसर्च इन मोशन (आरआईएम) के शेयर में सोमवार को जोरदार तेजी दर्ज की गई। पिछले सप्ताह इस कंपनी के शेयर में आठ फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई थी।
कंपनी प्रबंधन और सऊदी अरब के बीच कंपनी की मेसेंजर सेवा से संबंधित सुरक्षा मुद्दों पर समझौता होने की खबरों के चलते कंपनी के शेयर में यह तेजी आई है।
सोमवार को आरआईएम का शेयर 3.4 प्रतिशत बढ़कर 56.80 डॉलर पर पहुंच गया।
आरआईएम ने हालांकि सऊदी अरब से समझौते के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। माना जा रहा है कि कंपनी अब सऊदी अरब के नियामकों को ब्लैकबेरी की सांकेतिक भाषा वाले संदेश उपलब्ध कराएगी।
अमेरिकी विदेश विभाग ने पिछले सप्ताह कहा था कि वह इस मुद्दे पर सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात की सरकार से बात करेगी। सोमवार को अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा, "आरआईएम और सऊदी अरब के बीच समझौता होने की खबर है।"
प्राप्त जानकारी के मुताबिक अमेरिकी विदेश विभाग के अधिकारी सोमवार को आरआईएम के अधिकारियों से मिले थे।
आरआईएम को इस समझौते से कुछ राहत मिली है लेकिन अब जर्मनी ने भी इस स्मार्ट फोन को लेकर अपनी सुरक्षा चिंता जताई है।
खबरों के मुताबिक जर्मनी के गृहमंत्री ने सरकारी विभागों को निर्देश दिया है कि साइबर हमलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ब्लैकबेरी का उपयोग उपेक्षित करके ड्यूस्चे टेलीकॉम की सेवाएं उपयोग की जाएं।
समाचारों के मुताबिक जर्मनी के गृहमंत्री थामस दी मेजियर ने कहा, "हमारे नेटवर्क खासकर सरकारी नेटवर्क पर हमले बढ़े हैं। इसके चलते सरकारी अधिकारियों को पुनर्विचार करना चाहिए कि यह स्मार्ट फोन जर्मनी की साइबर सुरक्षा के अनुरूप है या नहीं।"
उन्होंने कहा, "ब्लैकबेरी की आधारभूत संरचना कंपनी के स्वामित्व वाला बंद तंत्र है। लेकिन परीक्षण क्षमता सरकार के स्वामित्व में होनी चाहिए न कि निजी कंपनी के हाथ में।"
इसी बीच रिम ने सोमवार को अपना नया फोन ब्लैकबेरी कर्व 3जी बाजार में उतारा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications