आईएसएस में खतरनाक अमोनिया का रिसाव जारी
वाशिंगटन। अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के कूलिंग सिस्टम में खराबी आने से अंतरिक्षयात्री मुसीबत में पड़ गए हैं। दो अंतरिक्ष यात्री लगातार 8 घंटे से भी ज्यादा समय से खुले में रह कर स्टेशन की मरम्मत करते रहे उसके बावजूद उन्हे सफलता हाथ नहीं लगी है और वे दोनों 'कूलिंग सिस्टम' के खराब हिस्से को अलग कर पाने में नाकाम रहे हैं। फलस्वरूप इस हिस्से से खतरनाक अमोनिया गैस का रिसाव जारी है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार डग व्हीलॉक और ट्रेकी काल्डवेल डासन को इस अंतरिक्ष यात्रा के दौरान टूटे हुए 350 किलोग्राम अमोनिया लूप की जगह आईएसएस से 10 मीटर दूरी पर मौजूद एक अन्य पुर्जे को लगाना था। परंतु चार में से एक अमोनिया पाइप के जाम हो जाने की वजह से उसको अलग करने में काफी विलंब हुआ। जब व्हीलॉक ने इसे आईएसएस से पूरी तरह अलग किया तो इससे भारी मात्रा में अमोनिया का रिसाव हुआ।
उसके बाद अमोनिया कूलिंग लूप को उसकी जगह लगाया गया और बुधवार को अंतरिक्ष यात्री दूसरी बार खुले अंतरिक्ष में जाकर पुराने उपकरणों के स्थान पर नए उपकरण लगाएंगे। उल्लेखनीय है कि पिछले शनिवार को आईएसएस के 'कूलिंग सिस्टम' में खराबी आ गई थी। नासा के अधिकारियों ने कहा कि आईएसएस पर मौजूद छह अंतरिक्ष यात्रियों को कोई खतरा नहीं है। आईएसएस की सभी महत्वपूर्ण और गैर महत्वपूर्ण इकाइयां सामान्य तरीके से काम कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications