उप्र में प्रमुख नदियों के जलस्तर में कमी
लखनऊ, 8 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में गंगा, यमुना और उसकी सहायक रामगंगा सहित अन्य प्रमुख नदियों का जल स्तर खतरे के निशान से नीचे चला गया है जिससे लोगों को राहत मिली है।
गंगा, यमुना व उसकी अन्य सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ने का मुख्य कारण उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश होना था। ये प्रमुख नदियां उत्तराखण्ड से निकलती हैं। लखीमपुर खीरी में खतरे के निशान से ऊपर बह रही शारदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के नीचे चला गया। राज्य में कहीं पर भी फिलहाल बाढ़ जैसे हालात नहीं हैं।
मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आगामी 11 अगस्त से एक बार फिर मानसून सक्रिय होने के बाद राज्यभर में मूसलाधार बारिश हो सकती है। आगामी 48 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारशि और बूंदा बादी हो सकती हैं।
राज्य के रायबरेली, लखीमपुर खीरी, इलाहाबाद, मिर्जापुर, बरेली, चित्रकूट बांदा सहित कुछ जिलों में शनिवार शाम हल्की बारिश दर्ज की गई। हरदोई जिले का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications