उप्र के 5 मंत्रियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए : अदालत
लखनऊ, 8 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की एक स्थानीय अदालत ने एक पत्रिका में ईश निंदा संबंधी एक आलेख प्रकाशित करने के लिए उत्तर प्रदेश के पांच मंत्रियों के साथ ही पांच अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया है।
पांचों मंत्रियों के खिलाफ मामला इसलिए दर्ज किया जा सकता है, क्योंकि वे सभी हिंदी मासिक पत्रिका अंबेडकर टूडे के संरक्षकों में हैं।
मायावती के जिन मंत्रियों को कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है, उनमें नसीमुद्दीन सिद्दीकी, स्वामी प्रसाद मौर्य, बाबू सिंह कुशवाहा, दद्दू प्रसाद और पारस नाथ मौर्य शामिल हैं।
पत्रिका के मई अंक में प्रकाशित उस विवादित आलेख में विभिन्न हिंदू परंपराओं की निंदा की गई थी और खास कर्मकांडों के लिए हिंदुओं को दोषी ठहराया गया था।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता संतराम सिंह द्वारा दायर एक आवेदन को संज्ञान में लेते हुए बहराइच के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सूर्य प्रकाश द्विवेदी ने शुक्रवार को पुलिस को निर्देश दिया कि वह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications