अय्यर ने दागा एक और निशाना
नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। राज्यसभा सांसद मणि शंकर अय्यर ने शनिवार को राष्ट्रमंडल खेलों पर एक और निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस बात का बंदोबस्त किया जा रहा है कि खेलों के दौरान आने वाले 100,000 विदेशी अतिथियों का मुकाबला भिखारियों और गरीबों से न हो पाए।
अय्यर राजधानी में '21वीं सदी में मीडिया की भूमिका और भारत की छवि' विषय पर आयोजित एक संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, "वैश्वीकृत भारत में अंग्रेजी मीडिया खुद को समृद्ध महसूस करती है और भारत को आगे ले जाना चाहती है। लगभग 100,000 विदेशी अतिथि राष्ट्रमंडल खेलों के लिए दो महीनों से कम समय के भीतर भारत आएंगे। मैंने सुना है कि 70,000 ने तो अपने आगमन की पुष्टि कर दी है। विशेष व्यवस्था इस बात की जा रही है कि भिखारियों और गरीबों से उनका सामना न हो पाए, बल्कि उनकी मुलाकात सिर्फ कोट और टाई बांधे लोगों से ही हो सके।"
अय्यर ने कहा, "जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम तक के रास्ते में पड़ने वाले सूफी संत निजामुद्दीन औलिया की दरगाह पर अपनी आजीविका के लिए भीख मांगने वालों से विदेशी पर्यटकों का मुकाबला न हो सके, इस बात के बंदोबस्त किए जा रहे हैं।"
अय्यर ने कहा कि सवाल यह है कि क्या भारतीयों को समृद्ध होना चाहिए या फिर भारत को धनी बनना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications