राजग शासनकाल में राज्य का अधिक विकास हुआ : मोदी
पटना, 7 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुशील कुमार मोदी ने शनिवार को कहा कि बिहार का जितना विकास राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार के समय हुआ उतना किसी भी सरकार के समय नहीं हुआ।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश इकाई द्वारा पटना में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि राज्य में अल्पपसंख्यकों के कल्याण के लिए भी कई योजनाएं चलाई गईं। उन्होंने दावा किया कि अल्पसंख्यकों का जितना कल्याण राजग सरकार के कार्यकाल में हुआ उतना न कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ था और न ही लालू के 15 वर्षो के शासनकाल में हुआ।
उन्होंने बिहार के विकास की तुलना अन्य शासनकाल से भी की। साथ ही कहा कि भाजपा भेदभाव कर वोट की राजनीति नहीं करती, बल्कि विकास की राजनीति करती है।
मोदी ने यह दावा भी किया कि जिस प्रदेश में भाजपा की सरकार है, वहां कोई यह नहीं कह सकता कि अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी वर्ग या धर्म से भेदभाव कर विकास नहीं किया जा सकता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications