रेल हादसे में जर्मन दंपति की मौत (लीड-1)
अलापुझा (केरल), 8 अगस्त (आईएएनएस)। केरल के अलापुझा जिले में एक मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर एक वाहन के रेलगाड़ी से टकरा जाने के कारण उसमें सवार जर्मनी के मुनीच में रहने वाले दंपति की मौत हो गई।
पुलिस ने रविवार को बताया कि 55 वर्षीय मैनफ्रेड हर्बर्ट एवं 47 वर्षीय उनकी पत्नी कैथरीन की अलापुझा शहर के निकट हुए हादसे में मौत हो गई। यह हादसा शनिवार सुबह 10.50 बजे हुआ जब वे टैक्सी से एक डाक्टर के पास जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि जब वे मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहे थे, तभी अलापुझा जा रही चेन्नई एक्सप्रेस ने उनके वाहन में टक्कर मार दी।
शनिवार की शाम पता चला कि दंपति के गोद लिए दो बच्चे- भारतीय मूल की छह वर्षीय लड़की और वियतनाम मूल का 12 वर्षीय लड़का नजदीक के मरारी बीच स्थित रिसॉर्ट में ठहरे हुए थे।
रिसॉर्ट के प्रमुख जोस डोमिनिक ने बताया कि कैथरीन के शरीर पर फुंसियां निकल आई थीं, एक आयुर्वेदिक चिकित्सक ने उन्हें एक फिजीशियन के पास भेजा था।
उन्होंने कहा, "हमारे साथ रह रहे जर्मन अतिथि बच्चों के प्यार में बंध गए थे। हादसे के बारे में बच्चों को अभी नहीं बताया गया है।"
डोमिनिक ने कहा, "हम तिरुवनंतपुरम से जर्मन वाणिज्य दूतावास के प्रतिनिधि के आने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि दोनों शवों को भेजने की प्रक्रिया शुरू हो।"
इस बीच रेल राज्यमंत्री ई.अहमद ने दुर्घटना स्थल का दौरा किया और कहा कि देश में 15,993 मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग हैं, जिनमें से 4,000 पर जल्द ही गार्ड तैनात किए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications