चीन में भूस्खलन, 80 मरे, 2000 लापता (लीड-1)
बीजिंग, 8 अगस्त (आईएएनएस)। चीन के पश्चिमोत्तर गानसू प्रांत में मूसलाधार बारिश के बाद रविवार सुबह हुई भूस्खलन की घटनाओं में 80 से अधिक लोग मारे गए और 2,000 लापता हो गए।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार गैनन तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र काउंटी के अधिकारी माओ शेंगवू ने बताया कि भूस्खलन की घटनाएं झोउकू शहर में स्थानीय समयानुसार 12 बजे हुईं। अब तक 80 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है जबकि 2,000 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
काउंटी के प्रमुख दिएमुजियांगतेंग ने बताया, "मूसलाधार बारिश शनिवार रात 10 बजे के करीब आरंभ हुई थी। इसके बाद भूस्खलन की घटनाएं हुईं। कई लोग दब गए। लोगों तक पहुंचने में मुश्किल आ रही है।"
गानसू प्रांत में आई बाढ़ की वजह से लगभग 50,000 लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कई इलाके पानी में डूबे हुए हैं। लापता लोगों की तलाश का काम शुरू हो गया है।
बैलोंग नदी के निकट रहने वाले एक स्थानीय निवासी ली तियांकुई ने कहा, "कुछ लोगों ने बताया कि मेरी आवासीय इमारत पांचवीं मंजिल डूब गई है। लोग अपने परिजनों और दोस्तों को खरियत जानने में लगे हुए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications