कश्मीर घाटी से कर्फ्यू हटा, लोगों को राहत (लीड-1)
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "घाटी से कर्फ्यू हटा लिया गया है और किसी भी स्थान पर कोई रोक-टोक नहीं है। हम स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं।"
सार्वजनिक अवकाश होने के बावजूद बैंक, डाकखाने और दुकानें सुबह से ही खुलने लगे और वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। बाजार में चहल-पहल और बसों में अच्छी भीड़ देखी गई।
अधिकारियों ने शनिवार शाम को ही उत्तरी कश्मीर के गांदेरबल जिले, मध्य बड़गाम, कुपवाड़ा, हंडवाडा कस्बे और श्रीनगर के नौ थाना क्षेत्रों से भी कर्फ्यू हटा लिया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अब अनंतनाग, श्रीनगर के बाकी हिस्सों, बारामूला, कुलगाम, बांदीपुरा, शोपियां और पुलवामा से कर्फ्यू हटा लिया गया है।
श्रीनगर के लालबाग इलाके में रहने वाले अवकाश प्राप्त इंजीनियर नसीर अहमद ने बताया, "पिछले 10 दिनों में मेरा सारा पैसा खर्च हो गया था। मैंने बैंक अधिकारियों से पूछा कि क्या अपने बचत खाते से मैं कुछ पैसा निकाल सकता हूं तो उन्होंने कहा कि बैंक रविवार को खुला रहेगा। यह बड़ी राहत है।"
सैयद अली शाह गिलानी के नेतृत्व वाले हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े ने लोगों से रविवार को पर्याप्त मात्रा में आवश्यक वस्तुओं की खरीददारी कर लेने को कहा है, क्योंकि संगठन ने सोमवार से पुन: विरोध प्रदर्शनों और बंद का आह्वान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications