ज्ञानेश्वरी हादसा : 2 नक्सल समर्थक गिरफ्तार (लीड-1)
झारग्राम के पुलिस अधीक्षक प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस संत्रास विरोधी जन साधारण समिति (पीसीएपीए) के नेता तपन महतो और अल्ताफ हुसैन को झारग्राम इलाके से गिरफ्तार किया गया।
त्रिपाठी ने कहा, "पुलिस और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के गुप्तचरोंे ने सरडीहा स्टेशन के निकट के जंगल में एक ठिकाने पर छापेमारी कर तपन और अल्ताफ को गिरफ्तार किया।"
उन्होंने कहा, "आरोपियों को हादसे की जांच कर रहे सीबीआई के गुप्तचरोंे के हवाले कर दिया गया। वे उन्हें सोमवार को अदालत में पेश करेंगे।"
नक्सलियों द्वारा कथित तौर पर रेल पटरी के एक हिस्से को नुकसान पहुंचाए जाने के बाद मुंबई की ओर जा रही ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस झारग्राम के निकट हादसे का शिकार हो गई थी।
दूसरी ओर से तेज गति से आ रही एक मालगाड़ी ने ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के पांच कोचों में टक्कर मार दी जिस कारण काफी लोगों की जान गई।
सीबीआई के अतिरिक्त महानिदेशक (मीडिया एवं संचार) हर्ष भल ने बताया कि जांच एजेंसी ने महतो और हुसैन सहित आठ लोगों के बारे में सूचना देने वालों के लिए 5.5 लाख रुपये के इनाम की घोषण की थी।
इस मामले के छह अन्य आरोपी हैं-शशाधर महतो, जयंत भक्ता, जयदेब महतो, संजय महतो, लक्ष्मीकांत राय और बचन मन्ना।
भल ने बताया कि शशाधर महतो के बारे में जानकारी देने वालों को दो लाख रुपये, जबकि अन्य सात की गिरफ्तारी में मदद करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को 50,000 रुपये देने की घोषणा की गई है।
सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया, "तपन और अल्ताफ को गिरफ्तार करने में हमें मदद देने के लिए राज्य पुलिस को एक लाख रुपये इनाम के तौर दिए जाएंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications