बिहार में सड़क हादसा, 6 की मौत
पटना, 8 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के आरा जिले के पीरो थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में तीन महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार चरपोखरी थाना के पलियाडीह गांव निवासी निर्मल राम का परिवार एक जीप पर सवार होकर पीरो जा रहा था कि गटरिया पुल के समीप वाहन के चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन पुल के नीचे जा गिरा।
पुलिस उपाधीक्षक शिवचन्द्र सिंह ने रविवार को बताया कि इस दुर्घटना में तीन महिला सहित छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में सुरती देवी, निर्मल राम की पत्नी, निर्मल राम की सास, वाहन चालक धनजी साह तथा भिखारी राम शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि दो अन्य घायलों को पीरो के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इनमें एक की हालत चिंताजनक बताई जाती है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications