प्रधानमंत्री की कश्मीर बैठक में शामिल होगी पैंथर्स पार्टी
जम्मू, 8 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी ने रविवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा कश्मीर पर नई दिल्ली में बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लेगी।
पैंथर्स पार्टी ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा 12 जुलाई को बुलाई गई सर्वदलीय बैठक का बहिष्कार किया था। उसने कहा था कि अब्दुल्ला ने शासन करने का नैतिक अधिकार खो दिया है, क्योंकि उनके कुशासन ने राज्य को त्रासदी के किनारे ला खड़ा किया है।
घाटी में 11 जून से जारी हिंसा में अब तक 50 लोग मारे गए हैं और सैकड़ों घायल हो गए हैं।
पैंथर्स पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख बलवंत सिंह मनकोतिया ने पार्टी की कार्यकारी समिति की एक बैठक के बाद जारी एक बयान में कहा है, "हम प्रधानमंत्री के सामने राज्य के हालात के बारे में अपना विचार रखेंगे कि यह स्थिति क्यों बनी और कहां गलती हुई।"
पैंथर्स पार्टी के विधायक दल के नेता हर्षदेव सिंह बैठक में उपस्थित नहीं थे।
राज्य विधानसभा में पार्टी के तीन विधायक हैं और सभी जम्मू क्षेत्र से निर्वाचित हैं। जम्मू क्षेत्र में कुल 37 सीटें हैं, जिसमें से 11 सीटें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीती है।
अब्दुल्ला द्वारा बुलाई गई बैठक में भाजपा ने हिस्सा लिया था। भाजपा ने घाटी में हुई मौतों की जांच के लिए एक जांच आयोग के गठन का विरोध किया था।
पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री द्वारा बुलाई गई बैठक में भी भाजपा हिस्सा लेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications