पंजाब में राजमार्ग बंद मामले में पुलिसकर्मी निलंबित
एक अधिकारी ने बताया कि घदुआं गांव के लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-95 को शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे बंद कर दिया था। ग्रामीणों का आरोप था कि गांव के एक परिवार पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था, जिन्हें पुलिस गिरफ्तार करने में असफल रही। ग्रामीणों ने राजमार्ग को पांच घंटे तक जाम रखा था।
ग्रामीणों के बंद की वजह से राजमार्ग पर 10 किलोमीटर तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे कार, ट्रक और बसें फंसी रहीं। राजमार्ग को यातायात के लिए शनिवार तड़के खोला गया।
अधिकारी ने बताया कि घदुआं पुलिस चौकी के प्रभारी गुरविंदर सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "कुछ ग्रामीण प्रदर्शनकारियों ने राजमार्ग को बंद कर दिया था। उनका आरोप था कि कुछ शरारती तत्वों ने उन पर हमला किया था।"
घदुआं गांव के सरपंच सरबजीत सिंह ने कहा, "पैतृक संपत्ति के विवाद को लेकर सावित्रि देवी और उनके दो बेटों पर उनके एक करीबी रिश्तेदार रविंदर सूद और दर्जनों बदमाशों ने शुक्रवार शाम को हमला कर दिया था।"
उप पुलिस अधीक्षक राज बलविंदर सिंह ने कहा, "घदुआं पुलिस चौकी के प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है और इस मामले में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications