भारी बारिश से अहमदाबाद में जनजीवन प्रभावित
मध्य और दक्षिणी गुजरात में भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार तक यहां और बारिश होने के आसार हैं।
जानकार सूत्रों के मुताबिक शनिवार से जारी बारिश के कारण हुए हादसों में अहमदाबाद में पांच लोगों की मौत हो गई लेकिन आधिकारिक रूप से अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
देवेश्वर इलाके में एक इमारत ढहने से चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घटना में अंडरपास में भरे पानी में डूबने से व्यक्ति की मौत हो गई।
शहर की 300 से ज्यादा रिहायशी परिसरों में पानी भर गया है। केवल बोपाल इलाके में ही 60 कालोनियों में पानी भर गया है। अहमदाबाद हवाईअड्डे के रनवे पर भी रविवार सुबह पानी भर गया था।
घरेलू उड़ानों में देर हुई थी लेकिन सुबह इन्हें संचालित कर लिया गया। इसके अलावा दुबई जा रही एक अंतर्राष्ट्रीय उड़ान रद्द की गई।
करीब 10 रेलगाड़ियां रद्द की गई हैं और अन्य गाड़ियों के परिचालन में दो से छह घंटे तक की देर हुई है।
अहमदाबाद महानगर पालिका के उपायुक्त एम. एस. पटेल ने कहा कि वासना बांध के गेट खोले जाने के बाद स्थिति में कुछ सुधार हुआ है इससे शहर में भरा पानी बाहर निकल सकेगा।
गुजरात में मौसम विभाग के निदेशक कमलजीत राय ने कहा, "अहमदाबाद जिले में अब तक मौसम की कुल औसत बारिश से 50 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications