अफ्रीका में होगा 'इंडिया शो' का आयोजन
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा और टाटा समूह के अध्यक्ष रतन टाटा अफ्रीका में भारत के व्यापार को वर्ष 2012 तक 12 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य को पूरा करने के मिशन का नेतृत्व कर रहे हैं।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय और सीआईआई द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह प्रदर्शनी जोहान्सबर्ग के एमटीएन एक्सपो सेंटर में लगाई जाएगी।
आयोजकों ने इस प्रदर्शनी के लिए दवा उद्योग, स्वास्थ्य उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, ऑटोमोबाइल्स, उपकरण, बायोटेक्नोलॉजी, सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार और आधारभूत संरचना क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया है।
इस प्रदर्शनी के दौरान भारत-दक्षिण अफ्रीका की व्यापार प्रमुखों की बैठक भी आयोजित की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता रतन टाटा और अफ्रीकी कंपनी रेन्बो मिनरल्स के गैर कार्यकारी अध्यक्ष पैट्रिस मोटसेप करेंगे।
सीआईआई की उप निदेशक नविता विनायक ने कहा कि, "दक्षिण अफ्रीका में व्यापार और आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने का यह गंभीर प्रयास है। इस आयोजन का उद्देश्य व्यापार की सभी बाधाओं को दूर करना है।"
वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि इस आयोजन के दौरान भारत अपनी सांस्कृतिक समृद्धि का भी प्रदर्शन करेगा आयोजन के दौरान देश की संस्कृति, सिनेमा, फैशन और अन्य महत्वपूर्ण चीजों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications